मानसून सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा के पास जुटे सांसदों ने छात्र आंदोलन में कथित पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे में अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर लेकर नारेबाजी की और गृह मंत्री अमित शाह से दोनों मुद्दों पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

नई दिल्ली (Naren Danu) : मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर कई मुद्दों पर जवाबदेही की मांग उठाई। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

नए संसद भवन और संविधान सदन के बीच गांधी प्रतिमा के पास जुटे विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में एक बड़ा पोस्टर था, जिस पर लिखा था- “अमित शाह जवाब दो।” सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री से दोनों मामलों पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।

प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, अवधेश प्रसाद सहित कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। विपक्षी सांसदों का आरोप था कि छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित रूप से कठोर कार्रवाई की गई, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है।

वहीं, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर भी विपक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी सांसदों ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है और पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।

संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार से दोनों मुद्दों पर जवाब और कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।