असम राइफल्स और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त टीम ने मिजोरम के सैतुअल जिले में तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। कावलबेम क्षेत्र में दो ट्रकों से 320 बोरियों में भरी 22,400 किलो सुपारी बरामद की गई। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर जब्त सामान, वाहन और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

आइजोल (Naren Danu) : मिजोरम के सीमावर्ती इलाके में तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और सीमा शुल्क विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 1.56 करोड़ रुपये मूल्य की सुपारी की खेप जब्त की है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से अवैध तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह अभियान 4 अगस्त को मिजोरम के सैतुअल जिले के कावलबेम क्षेत्र में चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो मालवाहक ट्रकों को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रकों से 320 बोरियों में भरी 22,400 किलोग्राम सुपारी बरामद हुई।

जांच एजेंसियों के अनुसार, बरामद सुपारी को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया। जब्त की गई सुपारी, दोनों ट्रक और गिरफ्तार आरोपितों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सीमा शुल्क विभाग, आइजोल के हवाले कर दिया गया है।

असम राइफल्स ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। बल ने कहा कि यह कार्रवाई न केवल तस्करी पर नियंत्रण लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।