हरेला पर्व की हरियाली, देहरादून में 3,000 पौधे लगाने का अभियान शुरू

देहरादून : हरेला पर्व के अवसर पर क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट कमेटी की ओर से प्रेम नगर स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान अमरूद, लीची और अनार की हाइब्रिड किस्मों सहित 50 से अधिक फलदार पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य में अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को ताजे फलों का लाभ उपलब्ध कराना है।

कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में हरेला पर्व वृक्षारोपण की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है और आगामी एक माह के दौरान पूरे प्रदेश में लाखों पौधे लगाए जाएंगे। इसी क्रम में क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट कमेटी ने इस वर्ष 3,000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. परमार्थ जोशी के आग्रह पर अस्पताल परिसर में फलदार पौधों का चयन किया गया, ताकि आने वाले वर्षों में इनका लाभ मरीजों और उनके तीमारदारों को मिल सके।

अभियान में कमेटी के अध्यक्ष राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप आहलूवालिया, सचिव जे.पी. किमोठी, कोषाध्यक्ष शंभू शुक्ला, समन्वयक नितिन कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में दून वैली मेट्रोपोलिटन इंडस्ट्री एंड ट्रेड बोर्ड के अध्यक्ष पुनीत सहगल, पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री अर्चित डाबर, भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, डॉ. मेजर नरेश गुप्ता तथा अस्पताल प्रबंधन की टीम ने भी भाग लिया।