केरन सेक्टर में सेना की कार्रवाई, खुफिया सूचना पर चलाए गए तलाशी अभियान में हैंड ग्रेनेड और गोला-बारूद भी मिला

कुपवाड़ा (Narendra Singh Danu) : उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक बड़े ठिकाने का पता लगाकर उसे ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान पांच एके-सीरीज राइफल, एक हैंड ग्रेनेड और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना ने केरन सेक्टर के संदिग्ध इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपे हुए ठिकाने का पता लगाकर वहां से बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य सामग्री बरामद की।

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि बरामद हथियारों में पांच एके-सीरीज राइफल, नौ एके मैगजीन, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री शामिल है।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, बरामदगी के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आतंकियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।