अजमेर: राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा-2024 से जुड़े 74 प्रोविजनल अभ्यर्थियों को दस्तावेज जमा करने के लिए अंतिम अवसर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन अभ्यर्थियों को 1 जून तक अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न रहे।
आयोग सचिव ने बताया कि आरएएस परीक्षा-2024 के साक्षात्कार दौरान पात्रता जांच में जिन अभ्यर्थियों के पास आवश्यक दस्तावेज़ों की कमी थी, उन्हें प्रोविजनल, सशर्त रूप से शामिल किया गया था। इन अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय ही व्यक्तिगत रूप से पत्र देकर दस्तावेज़ जमा कराने को कहा गया था। इसके बाद भी आयोग द्वारा स्मरण पत्र जारी कर पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद 74 अभ्यर्थियों द्वारा अब तक वांछित दस्तावेज़ों की पूर्ति नहीं की गई है। ऐसे सभी अभ्यर्थियों की सूची कारण सहित आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को एसएमएस और ई-मेल के ज़रिए भी सूचित किया गया है।
अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय पर सभी आवश्यक प्रमाण पत्र और दस्तावेज जमा कर प्रक्रिया को पूरा करें, ताकि उनका चयन प्रभावित न हो।