15 गुमशुदा मोबाइल फोन मालिकों तक पहुंचे, पुलिस की अहम पहल

हिसार: पुलिस ने एक सराहनीय पहल के तहत गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे हैं।

पुलिस ने विभिन्न शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 15 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ये मोबाइल फोन अलग-अलग जगहों से गुम हुए थे, जिन्हें तकनीकी जांच और ट्रैकिंग की मदद से खोजा गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे अपने कार्यालय में मोबाइल फोन के असली मालिकों को बुलाकर उन्हें उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस एवं साइबर सुरक्षा शाखा का धन्यवाद किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर सुरक्षा शाखा में प्रतिदिन मोबाइल गुम होने संबंधी शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिन पर गंभीरता एवं तत्परता से कार्रवाई की जाती है।

आधुनिक तकनीकी संसाधनों और साइबर ट्रैकिंग के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर सुरक्षा शाखा प्रभारी पीएसआई अमित कुमार के नेतृत्व में मुख्य सिपाही मुकेश सहारण एवं सिपाही कुलदीप, अजय व गोविंद की टीम ने मेहनत, लगन एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए इन मोबाइल फोन को बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और इस पहल को सराहनीय बताया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।