गुरुग्राम: भिवानी में गुरुग्राम एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसे आगे सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गुरुग्राम स्थित एसटीएफ की ओर से पूरी तैयारी के साथ भिवानी में नशा तस्कर रोहित को काबू किया। उसने अपने घर में नशे की बड़ी खेप छिपाकर रखी हुई थी। एसटीएफ ने गहनता से उसके घर की तलाशी ली। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पंजाब से हेरोइन की सप्लाई मंगवाता था और हरियाणा में अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। एसटीएफ की ओर से की गई जांच में यह भी पता चला कि नशा तस्कर रोहित काफी समय से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा रहा है। वे जल्द अमीर बनने की चाह में नशा तस्करी में शामिल हुआ। आरोपी तस्कर रोहित से पूछताछ में उसके भाई का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस में पहले से ही उसका नाम दर्ज है। पंजाब में नशा तस्करी के मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। एसटीएफ बारीकी से इस नशा नेटवर्क की सप्लाई चेन, फंडिंग और बाकी के तस्करों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और पूरे गिरोह का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।