स्कूटी सवार मां-बेटी गटर में गिरीं, स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

लुधियाना: ताजपुर रोड पर सड़क पर भरे पानी के बीच सीवरेज खुला होने के कारण स्कूटी सवार मां-बेटी उसमें जा गिरे। जिस कारण दोनों जख्मी हो गए। मां ने शोर मचाया। जिसके बाद आसपास के लोगों ने इकट्ठे होकर बच्ची को बाहर निकाला। ये वीडियो केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने सोशल मीडिया अकाउंट पर शुक्रवार को शेयर किय। जानकारी के अनुसार एक बच्ची अपनी मां के साथ स्कूटी पर जा रही थी। सड़क पर सीवरेज ब्लॉक के कारण सारा गंदा पानी बाहर निकला हुआ था।

वहां सीवरेज होल खुला होने के कारण स्कूटी गटर में फंस गई। जिससे बच्ची व उसकी मां गिर गए। जबकि बच्ची भी स्कूटी के साथ ही गटर में फंस गई। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने कहा कि विज्ञापन वाइब्रेंट पंजाब दिखाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बर्बाद पंजाब है। लुधियाना की ताजपुर रोड का यह नजारा आप सरकार के झूठे विकास मॉडल पर एक जोरदार तमाचा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है। क्या यही भगवंत मान का बदलाव है? जहां एक आम आदमी को सड़क पर चलते हुए भी मौत का डर सताता है। यह घोर आपराधिक लापरवाही है। लोगों ने बताया कि इलाके में डेयरियों का गंदा पानी सड़क पर जमा रहता है। पानी इतना ज्यादा होता है कि सड़क के गड्ढों और गटर का बिल्कुल पता नहीं चलता, जिससे यहां रोजाना ऐसे हादसे होते रहते हैं।