पंचकूला (कपिल नागपाल) : बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच-2 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आरिष खान उर्फ मनीष (19) निवासी बदायूं, हाल बलटाना और राकेश उर्फ लम्बू (20) निवासी संभल, हाल बलटाना के रूप में हुई है। दोनों को अदालत ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि 21 जुलाई को सेक्टर-12ए स्थित एक कोठी में रात के समय चोरी हुई थी। आरोपियों ने दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़कर गहने, नकदी व अन्य सामान चोरी किया था। थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज किया गया था।
क्राइम ब्रांच-2 इंचार्ज प्रवीण मलिक की टीम ने 23 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को सेक्टर-24 के पास एक्टिवा सहित काबू किया। पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल बाइक भी चोरी की थी, जो चंडीमंदिर क्षेत्र से चोरी हुई थी।
रिमांड के दौरान चोरी के जेवरात व अन्य सामान की बरामदगी, अन्य आरोपी की गिरफ्तारी और दूसरी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार राकेश उर्फ लम्बू पर पहले से घरों में चोरी के 5 मामले दर्ज हैं।