फरीदाबाद: फरीदाबाद में पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए पांच एकड़ भूमि पर नया वॉटर बूस्टर स्टेशन बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत दूर होने की उम्मीद है।
नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती आबादी और जल मांग को देखते हुए इस परियोजना की योजना तैयार की गई है। वॉटर बूस्टर स्टेशन बनने से जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
इस परियोजना के तहत मंझावली रेनीवेल से सीधे बाजड़ी तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे इलाके में पानी की सप्लाई मजबूत हो सके। एनआईटी विधायक सतीश फागना ने हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि एनआईटी में जरूरत के मुकाबले बेहद कम पानी पहुंच रहा है और पानी वितरण में संतुलन नहीं रखा जा रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एफएमडीए और नगर निगम अधिकारियों को समान रूप से पानी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
विधायक सतीश फागना ने बताया कि, एनआईटी विधानसभा में करीब पांच लाख की आबादी रहती है, जहां प्रतिदिन लगभग 60 एमएलडी पानी की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में करीब 30 एमएलडी पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है। पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगाए गए करीब 150 ट्यूबवेल भी अब ज्यादा असरदार साबित नहीं हो रहे, क्योंकि कई ट्यूबवेल सूख चुके हैं। बता दें कि, जिला निगरानी समिति की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी एनआईटी क्षेत्र में पानी की कम सप्लाई पर नाराजगी जताई थी।
प्रशासन का कहना है कि परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान होगा।