यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में हादसे से मचा हड़कंप

सोनीपत: राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, छात्र स्विमिंग पूल में अभ्यास के दौरान पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गुरुवार रात निशांत स्विमिंग पूल में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना यूनिवर्सिटी प्रबंधन तक देर से पहुंची, जिसके चलते समय पर बचाव कार्य नहीं हो सका। बाद में यूनिवर्सिटी स्टाफ और छात्रों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यूनिवर्सिटी का स्विमिंग पूल मंगलवार से ही दोबारा शुरू किया गया था। ऐसे में सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि हादसे के समय पूल पर लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं। फिलहाल एफएसएल टीम के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण पूल क्षेत्र को बंद कर दिया गया है। निशांत गौतम का ननिहाल खेल मंत्री गौरव गौतम के गांव चिरावटा में है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह खेल मंत्री के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए जांच में सहयोग करने की बात कही है।