चटपटा खाना पड़ सकता है भारी, डॉक्टर ने दी चेतावनी

लुधियाना: भीषण गर्मी के चलते लोगों को अपने खान-पान और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई शहरों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच चुका है। ऐसे में गर्मी का असर बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों की सेहत पर बुरा पड़ सकता है।

डॉक्टरों और डाइटीशियन की सलाह है कि गर्मियों में बाहर का खाना, खासकर जंक फूड और तली-भुनी चीजों से जितना हो सके परहेज करना चाहिए, क्योंकि इस मौसम में भोजन जल्दी खराब हो जाता है और बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। हार्ट और मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. स्वाति खुराना ने कहा कि गर्मी के मौसम में लू लगना, पेट दर्द, दस्त, उल्टियां, गैस, डिहाइड्रेशन और लीवर संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने खासतौर पर तेज धूप से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का अधिक ध्यान रखने की सलाह दी है।

सुबह और शाम के समय ही बच्चों को बाहर खेलने भेजना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में साफ पानी पीने की आदत डालनी चाहिए। बाहर का पानी पीने से भी बचने की सलाह दी गई है।