दो भाइयों के कब्जे से हेरोइन और पिस्तौल बरामद

अमृतसर: अमृतसर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5.5 किलो हेरोइन और चार पिस्तौल बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध हथियार मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि अजनाला (अमृतसर) के गांव रोखे निवासी बॉबी सिंह और हरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। नशीले पदार्थों और हथियारों की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने इनकी काले रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार दोनों भाई सीमा पार के तस्कर के संपर्क में थे और उन्हें हथियार तथा गोला-बारूद की खेपें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें राज्य में आगे सप्लाई किया जाना था।

उन्होंने बताया कि बॉबी सिंह के इकबालिया बयान पर गांव भाखा तारा सिंह से 5.5 किलो हेरोइन भी बरामद की गई।

मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन और हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।