सिरसा में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों की क्लास

फतेहाबाद: सिरसा की सांसद ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही पर कड़ी टिप्पणी की। समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने और लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों, पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य जनसुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

सांसद ने कहा कि यदि नए कार्य किसी कारणवश शुरू नहीं हो पा रहे हैं तो पहले से पूरे हो चुके कार्यों की सफाई और रखरखाव क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने अपने मोबाइल फोन में 20 मई के ताजा फोटो दिखाते हुए अधिकारियों से कहा कि शहर की वास्तविक स्थिति किसी से छिपी नहीं है और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को भी कार्यों में लापरवाही को लेकर खरी-खरी सुनाई और निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी। साथ ही, विकास योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।