पठानकोट: पंजाब एक बार फिर रेलमार्ग के रास्ते हिमाचल से जुड़ने जा रहा है। करीब 46 महीने से बंद पड़ी ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेल सेवा एक बार फिर पटरी पर लौटने जा रही है। रेलवे की हायर अथॉरिटी ने ट्रेन संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं और सूत्रों के मुताबिक 2 जून से ट्रेन चलाने को लेकर कभी भी आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है।
लंबे इंतजार के बाद यह खबर लाखों यात्रियों, दैनिक सफर करने वालों, कारोबारियों और पर्यटन उद्योग के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। हालांकि, इसमें निराशा इस बात की है कि ट्रेन एक बार फिर सिटी रेलवे स्टेशन से ही चलेगी।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों को सेक्शन में मौजूद सभी तकनीकी और परिचालन संबंधी कमियां जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैक, सिग्नलिंग और स्टेशन व्यवस्था की समीक्षा लगातार की जा रही है ताकि ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद किसी प्रकार की दिक्कत न आए।