सोनीपत: सोनीपत में एक दुकान में घुसकर कारीगरों को जिंदा जलाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ितों में डर का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुछ लोग दुकान में पहुंचे और वहां काम कर रहे कारीगरों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने कारीगरों को जिंदा जलाने तक की बात कही। घटना के बाद दुकान संचालक ने पुलिस को शिकायत दी।
कृष्णा कॉलोनी निवासी साहिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले गणेश मार्केट में यूवी ज्वेलर्स नाम से दुकान शुरू की थी। दुकान पर कई कारीगर काम करते हैं। बुधवार दोपहर को दो युवक बाइक पर दुकान के बाहर पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुस गया। उसके हाथ में एक कैन थी, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका जताई गई है।
घटना के समय दुकान मालिक मौजूद नहीं था। युवक ने कारीगरों से मालिक के बारे में पूछा, धमकी देते हुए कहा कि यहां से चले जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे। आरोप है कि युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कारीगरों ने जब युवक से सवाल किया तो उसने कैन दिखाते हुए कहा कि इसमें तेल है, ज्यादा पूछताछ की तो जला देंगे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।