सेंट्रल जेल के कैदियों को राहत, पीडीए ने दिए 104 पंखे

लुधियाना: भीषण गर्मी के चलते कैदियों की सुविधा एवं मानवता के हित को ध्यान में रखते हुए पंजाब डायर्स एसोसिएशन द्वारा सेंट्रल जेल लुधियाना को 104 पंखे भेंट किए गए। बुधवार को एसोसिएशन की ओर से डायरेक्टर्स बॉबी जिंदल, कमल चौहान, गुरप्रीत सिंह एवं अंकित सिंगला ने जेल सुपरिंटेंडेंट कुलवंत सिंह को 104 पंखे सौंपे। इस अवसर पर जेल विभाग की तरफ से अनिल भंडारी, बलबीर सिंह सहित अन्य जेल स्टाफ भी उपस्थित रहे। इस मौके पर बॉबी जिंदल ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण जेल में बंद कैदियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए एसोसिएशन ने यह छोटा सा सहयोग किया है, ताकि कैदियों को गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भविष्य में भी संस्था जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।