होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : आउटसोर्स इम्प्लाइज़ यूनियन की तरफ से किए जा रहे संघर्ष में उनका साथ देने और हौंसला बढ़ाने के लिए कांग्रेसी नेताओं ने धरने में पहुंचकर उनका समर्थन किया। इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा, पूर्व पार्षद एडवोकेट लवकेश ओहरी, नंबरदार गुरमीत सिद्धू, रजनी डडवाल व पूर्व पार्षद बलविंदर कौर, रमेश डडवाल एवं राजिंदर परमार ने कर्मचारियों को हर संघर्ष में उनका साथ देने की घोषणा की।
इस मौके पर एडवोकेट राकेश मरवाहा ने कहा कि दुख की बात है कि सरकारी तंत्र की रीढ़ बन चुके इन आउटसोर्स मुलाजिमों को आज भी आउट शब्द के साथ जोड़कर रखा गया है, जबकि सबसे पहले इस शब्द को बदलकर इन करना चाहिए ताकि पिछले 20-25 साल से कार्य कर रहे इन मुलाजिमों को भी इनका बनता हक मिल सके। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकारों के लिए कुछ भी नामुमकिन नहीं, लेकिन शायद अफसरशाही नहीं चाहती कि मुलाजिमों को उनका हक मिले। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी पोस्टें जनरेट करके भेजें और सरकार से डिमांड करें कि इनके अगेंस्ट इन्हीं मुलाजिमों को पक्का कर दिया जाए तो शायद सरकार इंकार न करे। क्योंकि, सरकार ऐसे कार्यों के लिए मना ही नहीं करतीं।
परन्तु जब मुलाजिमों की बात आती है तो अधिकारियों को बजट याद आने लगता है, जबकि इसमें उनका कोई रोल नहीं होता। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह आउटसोर्स मुलाजिमों की मांगे मानकर इनके साथ-साथ शहर निवासियों को भी राहत प्रदान करें। इस मौके पर एडवोकेट लवकेश ओहरी ने मुलाजिमों को हर स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ने में उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रमेश डडवाल, नंबरदार गुरमीत सिद्धू व अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी अपने संबोधन में मुलाजिमों के प्रति सरकार की दोहरी नीति का विरोध करते हुए इनकी मांगे माने जाने की अपील की।
इस मौके पर यूनियन के प्रधान कमल भट्टी ने हड़ताल में साथ देने के लिए कांग्रेसी नेताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि जब आप जैसे नेता उनके साथ हैं जब तक उनके हौंसले को कोई नहीं तोड़ सकता। इस मौके पर चेयरमैन राकेश सिधू, उपचेयरमैन सुरिंदर पाल बिट्टू, उपाध्यक्ष अनिल गिल व धनजीत बद्धण, महासचिव निशांत, अंद्रपाल, वरिंदर, राम कृष्ण, सुमित शर्मा, सूरज, हरीश, टीटू, अंकित, हरविंदर सैनी, रजिंदर एवं हरविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद थे।