पंजाब: पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता एवं एक्टर योगराज सिंह द्वारा चंडीगढ़ जिला अदालत में दायर अग्रिम जमानत पर आज सुनवाई नहीं हुई। मामले में अब अगली सुनवाई 26 मई को होगी, वहीं चंडीगढ़ में दर्ज FIR में लापरवाही सामने आई थी। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने योगराज सिंह के पते की जगह पंजाब महिला आयोग का पता लिख दिया था, जिसके बाद पुलिस ने अपनी गलती को सुधारा। योगराज के खिलाफ चंडीगढ़ के 2 एडवोकेट ने पुलिस को शिकायत दी थी। एडवोकेट ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप को इसका आधार बनाया है। उनका आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। यह वीडियो क्लिप अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई, 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड से काटी गई है।
अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया
जिला बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं एडवोकेट उज्ज्वल भसीन और जतिन वर्मा की तरफ से यह शिकायत 12 मई को एसएसपी को भेजी गई है। उन्होंने दलील दी है कि सोशल मीडिया पर 17 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें महिलाओं के खिलाफ शर्मनाक, अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें कहा गया है “जनानी दिन में चूल्हे…” जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है। जो चीज बोली जा रही है वह बकायदा स्क्रीन में लिखा आता है।