SIR के तहत फील्ड में उतरेंगे BLO, शुरू होगा सर्वे

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब में शुरू की जा रही वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत जिले में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बी.एल.ओ. घर-घर जाकर मतदाताओं से निर्धारित फार्म भरवाएंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के तहत संपन्न करवाई जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम वोटर सूची में शामिल हो सके तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एस.आई.आर. के अंतर्गत सभी मतदाताओं के लिए बी.एल.ओ. द्वारा दिए जाने वाले फार्म को भरना अनिवार्य होगा।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बी.एल.ओज की ट्रेनिंग तथा अन्य सभी तैयारियां 15 जून से 24 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्री-एस.आई.आर. मैपिंग के तहत जिले के कुल 12,68,522 मतदाताओं में से 11,14,487 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 87.86 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पोलिंग स्टेशनों के रेशनलाइजेशन का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा तथा 31 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट वोटर सूची प्रकाशित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि वोटर सूचियों संबंधी दावे एवं आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निपटारा 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम वोटर सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले की सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस विशेष अभियान को सफल एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करवाने में प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के साथ-साथ मतदाताओं को भी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, चुनाव कानूनगो लखबीर सिंह, आम आदमी पार्टी से जय राम, इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन, भारतीय जनता पार्टी से भूषण कुमार शर्मा एवं एडवोकेट गौरव गर्ग, शिरोमणि अकाली दल (ब) से गुरिंदर सिंह गोल्डी तथा समाज भलाई मोर्चा से बलविंदर कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।