पंजाब सरकार पर दबाव, सांपला ने उठाई कर्मचारियों की आवाज

फगवाड़ा (शिव कौड़ा) : नगर निगम फगवाड़ा के कर्मचारियों और सफाई सेवकों द्वारा अपनी जायज मांगों को लेकर कारपोरेशन दफ्तर के समक्ष दिए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने को उस समय बड़ा समर्थन मिला, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन विजय सांपला ने अपने साथियों सहित धरने में शामिल होकर हड़ताली कर्मचारियों के साथ एकजुटता व्यक्त की।

इस दौरान धरनाकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बात है कि पंजाब की भगवंत मान सरकार इतना समय बीत जाने के बावजूद भी कारपोरेशन के हड़ताली कर्मचारियों की जायज मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भयंकर गर्मी में कर्मचारी अपनी लंबे समय से लंबित चली आ रही मांगों को लेकर संघर्ष करने के लिए मजबूर हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई संवेदनशील रवैया नहीं अपनाया जा रहा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के राज में आज आम आदमी ही सबसे ज्यादा परेशान हो रहा है। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में अगली विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा की सरकार बनने पर कारपोरेशन कर्मचारियों की हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार किया जाएगा।

धरनाकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा पार्षद अनुराग मनखंड ने कहा कि पंजाब सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के कारण प्रदेश के विभिन्न विभागों के मुलाजिम सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को टकराव की राजनीति छोडक़र कर्मचारियों के साथ बातचीत के जरिए मसले का समाधान निकालना चाहिए। भाजपा नेता आशू सांपला ने भी हड़ताली कर्मचारियों के साथ हमदर्दी जताते हुए कहा कि निगम कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और सरकार को तुरंत इन पर सकारात्मक फैसला लेना चाहिए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।

इस अवसर पर नगर सुधार ट्रस्ट फगवाड़ा के पूर्व चेयरमैन तेजस्वी भारद्वाज, पूर्व चेयरमैन सुनील चम, वरिष्ठ नेता रमेश सचदेवा, बलविंदर ठाकुर, प्रमोद मिश्रा, आशू पुरी, अशोक दुग्गल, शिवरंजन दुग्गल, महिंदर थापर, रजनीश थापर, रमन नेहरा, दीपक मल्होत्रा, लोकेश बाली, सिधार्थ राज, सुरिंदर जॉर्डन, राजकुमार राणा, सोखा भगतपुरा, राजिंदर सोंधी सहित अन्य भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित थे।