लुधियाना (नवीन गोगना) : पुलीस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना कूम कलां लुधियाना की अगुवाई में एस.आई. सुरजीत सिंह इंचार्ज चौकी कटानी कलां सहित पुलिस टीम ने लुधियाना शहर और गांवों में चोरी करने वाले गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
जिसके तहित मनमोहित सिंह पुत्र जगमोहन सिंह निवासी पाम इंक्लेव, गांव संगोवाल, लुधियाना ने पुलिस को सूचना दी कि महिंद्रा बोलेरो पिकअप में सवार चार युवक उसकी फैक्ट्री के ट्रक में लोड 35 गत्ते के डिब्बे, जिनमें साइकिल पैक थीं, गांव भैणी साहिब से चोरी करके ले गए हैं। इस संबंध में थाना कूम कलां में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तरुण कपूर उर्फ लक्की, हरविंदर सिंह उर्फ हनी, सुरजीत सिंह उर्फ ज्ञानी और शिवम उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके खिलाफ पहले भी चोरी, लूटपाट और नशा तस्करी से संबंधित कुल 41 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि करीब 10 दिन पहले जिला मलेरकोटला से महिंद्रा बोलेरो पिकअप चोरी की थी, जिसका इस्तेमाल उन्होंने इस वारदात को अंजाम देने में किया।
पुलिस ने आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया है और उनसे आगे गहन पूछताछ की जा रही है।