हरियाणा में जल्द बने पत्रकार सुरक्षा कानून: डॉ. इंदु बंसल "श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने प्रधानमंत्री मोदी के नाम भेजे सैकड़ों पोस्टकार्ड"

चंडीगढ़/नई दिल्ली : हरियाणा के पत्रकारों के हितों व कल्याण के लिए संघर्षरत हरियाणा की सबसे बड़ी व मजबूत ट्रेड यूनियन श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा पिछले लम्बे समय से हरियाणा में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करता आ रहा है।

गौरतलब है कि पत्रकार सुरक्षा कानून व पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने प्रदेश के सैकड़ों श्रमजीवी पत्रकारों के साथ संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन के नेतृत्व में गत 22 मार्च 2026 को दिल्ली जंतर - मंतर पर हरियाणा के इतिहास का पहला व विशाल महाधरना भी दिया था। ओर पत्रकारों की लंबित मांगों बारे एक ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम सौंपा था।

साथ ही श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने डॉ बंसल के आह्वान पर अक्टूबर 2025 में हरियाणा के इतिहास का पहला ज्ञापन सौंपों अभियान भी चलाया था जिस के तहत संघ की सभी जिला इकाईयों ने जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में अपने जिला मुख्यालय पर वरिष्ठ जिला अधिकारियों को पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने व पत्रकारों की लंबित मांगों बारे ज्ञापन सौंपा था।

उक्त विषय पर हरियाणा में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक व प्रदेशाध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन ने बताया कि आज 18 मई 2026 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड भेजो अभियान शुरू किया गया है जिस के तहत आज प्रदेशभर से संघ से जुड़े सैकड़ों श्रमजीवी पत्रकारों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजे हैं।

डॉ बंसल ने कहा श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवा कर रहेगा। चाहे इसके लिए उन्हें कितना भी संघर्ष क्यों न करना पड़े।