विवाहिता मौत मामले में पति और ससुर हिरासत में

ग्रेटर नॉएडा: शादी के करीब 14 महीने बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना की बात सामने आई है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

मृतका के परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिवार के मुताबिक दीपिका कई बार फोन पर अपनी परेशानी और दर्द के बारे में बता चुकी थी, लेकिन परिवार और रिश्ते को बचाने के लिए वह सब कुछ सहती रही।

रविवार को मामला उस समय गंभीर हो गया जब दीपिका को कथित तौर पर गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। आरोप है कि अस्पताल में छोड़ने के बाद ससुराल पक्ष वहां से फरार हो गया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत मिली। परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी सबूतों को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।