लुधियाना: महानगर के बहादुरके रोड़ नज़दीक स्थित दाना मंडी क्षेत्र में खुले सार्वजनिक स्थानों पर गैस सिलेंडरों की हैंडलिंग और वितरण का मामला एक बार फिर सामने आया है। हमारी टीम द्वारा प्रकाशित पहले समाचार के बाद कुछ दिनों तक गैस सिलेंडरों से भरे वाहन क्षेत्र से गायब दिखाई दिए थे, लेकिन अब दोबारा बिना किसी डर के विभिन्न स्थानों पर गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। ताजा तस्वीरों में देखा जा सकता है कि दाना मंडी के अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न गैस एजेंसियों के वाहन खड़े कर एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। कई स्थानों पर खुले सार्वजनिक क्षेत्रों, सड़कों और रिहायशी इलाकों के साथ सिलेंडरों से भरे वाहन नियमित रूप से खड़े नजर आए। सबसे गंभीर मामला उस स्थान का सामने आया है, जहां गैस सिलेंडरों से भरा वाहन एक स्कूल और रिहायशी कॉलोनी के बिल्कुल साथ खड़ा पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सिलेंडरों की खुले में हैंडलिंग किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। इससे पहले प्रकाशित खबर में भी गैस एजेंसी के बाहर खुले में खड़े सिलेंडरों से भरे ट्रकों और सार्वजनिक क्षेत्र में हो रही लोडिंग-अनलोडिंग को उजागर किया गया था।
कुछ दिन रोकथाम के बाद दोबारा कार्य किया शुरु
खबर प्रकाशित होने के बाद कुछ समय तक गतिविधियां कम दिखाई दीं, लेकिन अब फिर से खुलेआम सिलेंडरों की सप्लाई शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते गैस एजेंसियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
निर्धारित स्थानों पर स्टोर होना जरुरी
विशेषज्ञों के अनुसार, एलपीजी सिलेंडरों का वितरण और भंडारण केवल सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर ही किया जाना चाहिए। स्कूलों, रिहायशी क्षेत्रों और सार्वजनिक सड़कों के पास सिलेंडरों से भरे वाहनों का नियमित खड़ा रहना गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है और इस मामले में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।