पानीपत (निर्मल सिंह ) : पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेत्रत्व में जिला पुलिस महिला विरूध अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में मिसिंग पर्सन युनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर रेखा ने टीम के साथ सोमवार को खोजकीपुर, गोयला खुर्द, गोयला कला व बापौली गांव के सरकारी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, इसमें छात्राओं को महिलाओं के साथ होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों के बारे जागरूक किया।
मिसिंग पर्सन युनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर रेखा ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर गलत बर्दाश्त न करें। जैसे ही महसूस हो कि गलत होने वाला है, विरोध दर्ज कराएं। पुलिस को सूचना दें। गलत करने वालों का शुरू में विरोध करें। इससे उसका मनोबल नहीं बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों को लेकर पुलिस बहुत ही संवेदनशील है। कानून में इन अपराधों को लेकर कठोर नियम व सजा का प्रावधान है, इसलिए अपने भविष्य को सुरक्षित रखते हुए इनसे बचें व अन्य लोगों को भी इस प्रकार के अपराधों से बचाएं। पुलिस सदैव सुरक्षा के लिए तत्पर है, इसलिए किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना पुलिस को बिना किसी देरी व बिना किसी झिझक के अवश्य दें। समाज सुरक्षा में पुलिस का योगदान दें। अपराधों को लेकर सदैव सतर्क रहें। किसी भी प्रकार के लोभ व लालच में न आएं।
इंस्पेक्टर रेखा ने बैड टच, गुड टच व सेल्फ डिफेंस के बारे में भी जानकारी दी। दुर्गा शक्ति एप के बारे विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि स्कूल, कॉलेज के बाहर दुर्गा शक्ति की टीमें निरंतर गश्त पर रहती है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आप उनसे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती है। छात्राओं को दुर्गा शक्ति एप अपने या परिजनों के फोन में इनस्टॉल करके उसका प्रयोग करने की अपील भी की गई। छात्राओं को किसी भी समय तुरंत पुलिस सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और डॉयल 112 के बारे भी जानकारी देकर जागरूक किया।
इंस्पेक्टर रेखा ने कहा कि पानीपत पुलिस का यह जागरूक्ता अभियान आगे भी जारी रहेगा।