हरिद्वार में अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार

हरिद्वार: बम की झूठी धमकी देकर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक संवेदनशील स्थान को निशाना बनाते हुए बम होने की सूचना दी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंच गईं और इलाके की गहन जांच की गई।

जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर इसे अफवाह माना गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाल कुंदन सिंह राणा के अनुसार रविवार को कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए आरोपित की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में की। पुलिस ने आरोपित को हरिद्वार में रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह धमकी भरा कॉल किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।