लुधियाना: थाना डाबा क्षेत्र के अंतर्गत गुरुद्वारा रुरु साहिब रोड पर स्थित एक मीट शॉप पर तेजधार हथियारों से लैस 20 से 25 अज्ञात युवकों द्वारा हमला करने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों सहित 19-20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित मकसूदन साहनी (60), निवासी कैप्टन नगर स्टार रोड, लोहारा, लुधियाना ने बताया कि वह गिल मीट शॉप नाम से दुकान किराए पर चलाता है। बीती 6 मई को वह अपने बेटे सोनू के साथ दुकान पर मौजूद था, तभी अचानक कई युवक हथियारों के साथ दुकान में घुस आए।
पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने आरोप लगाया कि वह दुकान के आगे लगने वाले रेहड़ी वालों को रोकता-टोकता है। इसके बाद आरोपियों ने उस पर और उसके बेटे पर हमला कर दिया और दुकान में तोड़फोड़ करते हुए शीशे भी तोड़ दिए।
वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत और जांच के आधार पर पुलिस ने बीतू, जगरूप, मोहाली, गुंदी, बाबा और बॉबी को नामजद किया है।
पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।