नगर निगम में टकराव की स्थिति

लुधियाना: नगर निगम में सियासी घमासान तेज हो गया है। सीनियर डिप्टी मेयर के हालिया खुलासे के बाद विवाद और गहरा गया है, जिससे निगम सदन का माहौल गरमा गया है।

सूत्रों के अनुसार, सीनियर डिप्टी मेयर द्वारा उठाए गए मुद्दों में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और प्रशासनिक स्तर पर फैसलों को लेकर सवाल शामिल हैं। इस बयान के बाद सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।

इस संबंध में उन्होंने नगर निगम कमिश्नर को औपचारिक पत्र भी भेजा है।

पत्र में कहा गया है कि हाल ही में नगर निगम द्वारा करीब 70 लाख रुपये की लागत से दो नई इनोवा गाड़ियां खरीदी गई हैं। इसके बावजूद पहले से मौजूद वाहनों का उपयोग भी जारी है, जिसे नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है।

इस खुलासे के बाद नगर निगम के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। विपक्ष ने मामले की जांच की मांग उठाई है, जबकि निगम प्रशासन की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

सीनियर डिप्टी मेयर द्वारा यह मुद्दा भी उठाया गया है कि एक तरफ मेयर-कमिश्नर के पास दो अतिरिक्त इनोवा गाडियां चल रही हैं उसके मुकाबले नगर निगम में नए आए 2 ज्वाइंट कमिश्नर के लिए किराए की गाड़ियां लेनी पड़ रही हैं। इसलिए मेयर-कमिश्नर के पास चल रही 2 अतिरिक्त इनोवा गाडियों को नए आए दोनों ज्वाइंट कमिश्नरों को देने की सिफारिश सीनियर डिप्टी मेयर द्वारा की गई है।