अहमदाबाद: गुजरात में मेट्रो यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब Ahmedabad Metro की सेवाएं 18 मई से रात 11 बजे तक विस्तारित कर दी जाएंगी। इस फैसले से अहमदाबाद और Gandhinagar के बीच रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
मेट्रो संचालन से जुड़ी जानकारी के अनुसार, यह निर्णय यात्रियों की बढ़ती मांग और शाम के समय भीड़ को देखते हुए लिया गया है। पहले मेट्रो सेवाएं रात के निर्धारित समय तक ही उपलब्ध थीं, जिससे देर शाम यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
वस्त्राल गांव से थलतेज गांव रूट पर बदलावः
अब तक इस रूट पर आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 10:00 बजे चलती थी, जिसे बढ़ाकर अब रात 11:00 बजे कर दिया गया है। यात्रियों को रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 मेट्रो ट्रेनें मिलेंगी।
थलतेज गांव से वस्त्राल गांव रूटः
इस रूट पर भी आखिरी ट्रेन का समय रात 10:00 बजे से बढ़ाकर 11:00 बजे कर दिया गया है। यहां भी रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें चलाई जाएंगी।
एपीएमसी से कोटेश्वर रूटः
पहले आखिरी ट्रेन रात 10:10 बजे रवाना होती थी, जिसे अब बढ़ाकर रात 11:10 बजे कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रात 10:30, 10:50 और 11:10 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें शुरू की गई हैं।
कोटेश्वर से एपीएमसी रूटः
इस रूट पर आखिरी ट्रेन का समय रात 10:05 बजे से बढ़ाकर 11:00 बजे किया गया है। यहां भी रात 10:20, 10:40 और 11:00 बजे अतिरिक्त 3 ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।
गांधीनगर-महात्मा मंदिर रूट पर भी बड़ा बदलावः
कोटेश्वर से महात्मा मंदिर जाने वाली आखिरी ट्रेन, जो पहले रात 7:43 बजे चलती थी, अब रात 9:20 बजे रवाना होगी। इस रूट पर यात्रियों के लिए रात 8:17 और 9:20 बजे दो अतिरिक्त ट्रेनें शुरू की गई हैं।
वहीं महात्मा मंदिर से कोटेश्वर जाने वाली आखिरी ट्रेन का समय भी रात 8:09 बजे से बढ़ाकर रात 9:00 बजे कर दिया गया है। यह ट्रेन महात्मा मंदिर से चलकर कोटेश्वर होते हुए सीधे एपीएमसी तक जाएगी।