भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। इस अहम बैठक में मंत्रियों के विभागीय कार्यों की समीक्षा की जाएगी और उनके प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड भी सामने आएगा।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री प्रत्येक मंत्री से अलग-अलग मुलाकात कर उनके विभाग की योजनाओं, प्रगति और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। साथ ही लंबित परियोजनाओं, बजट उपयोग और जनता से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
इन बैठकों में मंत्रियों को उनका परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड दिखाया जाएगा। यानी उनके विभाग ने कितना काम किया, जमीन पर कितना उतरा, यह सब आंकड़ों के साथ सामने रखा जाएगा। साथ ही अगर किसी मंत्री का अपने विभाग या किसी और मामले में कोई गिला-शिकवा है, तो वह भी सुना जाएगा। इस काम के लिए हर मंत्री को 15 मिनट का समय दिया गया है।
दरअसल, लंबे समय से चर्चा चल रही थी कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने मंत्रियों से सीधे बात करेंगे। कई बार यह बैठकें आगे खिसकती रही थीं। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि वन-टू-वन बैठकों के बाद परफॉर्मेंस के आधार पर कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इसमें कैबिनेट विस्तार या फेरबदल दोनों की संभावना बताई जा रही है। हालांकि, अभी यह सब अटकलों के दायरे में है।
सूत्रों के अनुसार जो मंत्री किसी विवाद या झगड़े में फंसे हैं, उनसे भी सीएम खास तौर पर बात करेंगे। कुछ मंत्रियों के आपसी टकराव और जनता से जुड़े विवाद सरकार के लिए मुश्किल बनते रहे हैं। यह वन-टू-वन बैठक ऐसे मामलों को सुलझाने का एक मौका भी होगी।