हिसार: हिसार में सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया।
इस दौरान टीम ने जांच के दौरान चार वाहनों के चालान काटे, जबकि दो ओवरलोड वाहनों को जब्त कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, ये वाहन निर्धारित भार सीमा से अधिक लोड लेकर चल रहे थे, जो सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।
अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़क हादसों का खतरा बढ़ता है और सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस तरह की सख्त कार्रवाई की जा रही है।
सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग ने शनिवार को अलसुबह हिसार क्षेत्र में कई मुख्य रोड़ों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि जांच के दौरान टीम ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण कार्ड, टैक्स भुगतान की रसीद तथा वाहन में लोड किए गए माल की चौड़ाई व वजन तक की गहनता से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले चार वाहनों के मौके पर ही चालान किए गए और दो लाख 86 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जिन वाहन मालिकों ने मौके पर ऑनलाइन चालान राशि जमा करवा दी, उन्हें आगे जाने की अनुमति दी गई जबकि चालान की राशि जमा न कराने वाले दो वाहनों को जब्त (इंपाउंड) कर लिया गया।