जम्मू: केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने मीडिया से बातचीत करते हुए नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर विद्यार्थियों से निराश न होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण जरूर होती हैं, लेकिन छात्रों को अपने लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे नए आत्मविश्वास, समर्पण और उत्साह के साथ दोबारा तैयारी शुरू करें।
प्रो. जैन ने यह भी कहा कि सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे समय का सही उपयोग करें और अपनी तैयारी को और मजबूत बनाएं।
उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र धैर्य और मेहनत के बल पर अपने लक्ष्य को जरूर हासिल करेंगे।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा अनियमितताओं के आरोपों के बाद नीट-यूजी 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी। कुलपति ने विश्वास जताया कि निरंतर मेहनत और ईमानदार प्रयास विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक सफर में सफलता दिलाने में मदद करेंगे।