जर्नैल एन्क्लेव में व्हीलचेयर पर इंस्टीट्यूट जा रहे दिव्यांग शिक्षक से बैग झपटने के मामले में पुलिस ने घटना के दो दिन बाद एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है। वारदात 9 सितंबर को दो बाइक सवार युवकों ने की थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध राजपुरा क्षेत्र से सामने आया है। फरार साथी की तलाश में छापेमारी जारी है।

जीरकपुर : जर्नैल एन्क्लेव में व्हीलचेयर पर अपने इंस्टीट्यूट जा रहे दिव्यांग शिक्षक से दिनदहाड़े बैग छीनने के मामले में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। घटना के दो दिन के भीतर पुलिस ने वारदात में शामिल बताए जा रहे एक आरोपित को चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया है। उसके दूसरे साथी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना नौ सितंबर की है। जर्नैल एन्क्लेव इलाके में व्हीलचेयर पर जा रहे शिक्षक को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने निशाना बनाया था। आरोपित शिक्षक का बैग झपटकर फरार हो गए थे। बैग में नकदी, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज होने की बात सामने आई थी।

वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया तो पुलिस ने आरोपितों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस एक आरोपित तक पहुंची। उसके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल भी चोरी की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपित का संबंध राजपुरा क्षेत्र से सामने आया है। उसके पहले भी आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट और झपटमारी की घटनाओं में शामिल रहने की बात सामने आई है। हालांकि उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि जीरकपुर और आसपास हाल में हुई झपटमारी की अन्य घटनाओं में भी उसकी या उसके साथियों की कोई भूमिका रही है या नहीं। वहीं, फरार दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।