हरियाणा को टेक्नोलॉजी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सम्मान

चंडीगढ़: हरियाणा ने एक बार फिर तकनीकी विकास के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में आयोजित जियोस्पेशियल वर्ल्ड फोरम 2026 में राज्य को ‘जियोस्पेशियल एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि हरियाणा स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (HARSAC) द्वारा विकसित ‘अंतरिक्ष से नागरिक सेवा’ पर आधारित तकनीक के लिए मिली है।

इस तकनीक के जरिए किसानों और आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। यह प्रणाली फसलों की निगरानी, उत्पादन आकलन, जल प्रबंधन और भूमि उपयोग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रियल-टाइम जानकारी प्रदान करती है। हर फसल सीजन में 15 लाख से अधिक किसान और 1 करोड़ से ज्यादा खेत इस प्रणाली से जुड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस उपलब्धि पर HARSAC की टीम को बधाई देते हुए इसे हरियाणा के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह तकनीक न केवल किसानों की मदद कर रही है, बल्कि पारदर्शी और बेहतर शासन में भी अहम भूमिका निभा रही है।

HARSAC के निदेशक डॉ. सुल्तान सिंह के अनुसार, यह सफलता राज्य की दूरदर्शी नीतियों और तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने का परिणाम है। यह पहल हरियाणा को डिजिटल कृषि और आधुनिक गवर्नेंस में अग्रणी बना रही है।