चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने आदिबद्री नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की तरक्की की कामना की और विकास कार्यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों के केंद्र में किसान और आमजन हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है और अब तक 12 लाख किसानों को 1.80 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा, फसल खराब होने पर मुआवजे और बीमा योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये किसानों को दिए गए हैं।
महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं 500 रुपये में गैस सिलेंडर की सुविधा भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने बिजली, पानी, रोजगार और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में हजारों युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।