हरियाणा-पंजाब जल विवाद पर मान का बयान

लुधियाना/चंडीगढ़ (नवीन गोगना) : केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को पेट्रोल-डीज़ल बचाने और ‘वर्क फ्रॉम होम’ करने का संदेश देते हैं, लेकिन वह खुद इन दिनों नीदरलैंड्स के दौरे पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही तेल की कीमतें फिर से बढ़ाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है।

BBMB और हरियाणा को पानी देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री का सख्त रुख

भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) और हरियाणा को पानी देने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पंजाब अपने हिस्से का एक घूंट भी पानी बेकार नहीं देगा। उन्होंने कहा कि 21 जून से जो वार्षिक कोटा तय किया गया है, वही दिया जाएगा। उससे पहले कोई अतिरिक्त पानी नहीं दिया जाएगा, चाहे वहां केंद्रीय सुरक्षा बल (CISF) ही क्यों न तैनात कर दिए जाएं।

AAP ने स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी जीत का दावा किया

आगामी नगर निगम और नगर परिषद चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विपक्षी दलों का सफाया तय है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “कोई मैदान में नहीं है, आप क्यों दुविधा में हैं?” उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, रोजगार और टोल प्लाजा फ्री करने जैसे फैसलों की वजह से जनता आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ मजबूती से खड़ी है।