पंचकूला: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘सेवा दिवस’ से होगी। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और शाम 7 बजे प्रदेश के हर घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया गया है।
अभियान के दौरान स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, बाइक रैलियां, पैदल यात्राएं और ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समाज के लिए कम से कम 25 मिनट देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं, स्टार्टअप्स और नव-प्रवर्तकों के लिए इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित होगा। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मंच पर अपने नवाचार दिखाने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान का समापन 17 अक्तूबर को होगा, जिसमें देशभर से करीब सवा लाख सरपंच और जनप्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।