जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। प्रशासन ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर विशेष शिविर लगाने की तैयारी की है। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा समेत 25 गतिविधियां होंगी। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर अभियान प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

पंचकूला: जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। पंचकूला से उपायुक्त सतपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, एसडीएम पंचकूला मन्नत राणा और एसडीएम कालका संयम गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को उनका वास्तविक लाभ दिलाना है। ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों की आवश्यक प्रक्रिया मौके पर पूरी करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, वृद्धाश्रम एवं अनाथालयों में सेवा, महिला स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और खेलकूद सहित 25 सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी।

अभियान के दौरान ‘सेवा चित्र’ के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं भी होंगी। वहीं ‘आंगन का मिलन’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उपायुक्त ने अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से भी सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।