जयपुर: जयपुर में पर्यटकों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस एक नई डिजिटल पहल करने जा रही है। जयपुर पुलिस जल्द ही ‘पिंक गार्ड’ ऐप लॉन्च करेगी, जो खास तौर पर पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैयार किया गया है।
इस ऐप के जरिए पर्यटक आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकेंगे। इसमें लोकेशन ट्रैकिंग, इमरजेंसी अलर्ट और हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सकेगी।
जयपुर में हर साल लगभग 1.73 करोड़ घरेलू और 6.30 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक आते हैं। विशेषकर अक्टूबर से मार्च के पीक सीजन में पर्यटकों की भारी आवक को देखते हुए जयपुर पुलिस ने तकनीक के माध्यम से उनकी यात्रा को यादगार और सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पिंक गार्ड ऐप विशेष रूप से पर्यटकों की सहायता के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिसकी मुख्य विशेषताएँ है कि पर्यटकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए ऐप पर पुलिस द्वारा सत्यापित टूरिस्ट गाइड्स का नाम, भाषा और रेटिंग उपलब्ध होगी। हर पर्यटन स्थल के पास स्थित पुलिस स्टेशन और अस्पतालों की लोकेशन, मैप और कांटेक्ट नंबर एक क्लिक पर मिलेंगे।
विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए यह बहुभाषी होगा और प्रमुख स्थलों के लिए स्मार्ट नेविगेशन प्रदान करेगा। पर्यटक ऐप के जरिए गाइड की रेटिंग कर सकेंगे और किसी भी परेशानी की स्थिति में सीधी शिकायत दर्ज कर सकेंगे, जिसकी निगरानी उच्चाधिकारी करेंगे। इस ऐप को बिना लॉगिन किए मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट पर तुरंत इस्तेमाल किया जा सकेगा।