पटियाला : देश के विख्यात अंतरराष्ट्रीय लेखक एवं शिक्षाशास्त्री अनिल कुमार भारती ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को एक अत्यंत भावुक पत्र लिखकर उनकी (प्रधानमंत्री की) सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गंभीर चिंता व्यक्त की है। श्री भारती ने प्रधानमंत्री मोदी से पुरजोर अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी न आने दें, क्योंकि वर्तमान हालात में उनका सुरक्षित होना ही भारत की अखंडता, सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी है।
राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए
पत्र के माध्यम से श्री भारती ने प्रधानमंत्री का ध्यान देश-विरोधी शक्तियों, आतंकी संगठनों और घुसपैठियों द्वारा रचे जा रहे निरंतर षड्यंत्रों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि जब भारत विश्व मंच पर एक महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है, तो ऐसे समय में भारत-विरोधी तत्वों की कुचालें और भी बढ़ गई हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि प्रधानमंत्री का जनता के प्रति अगाध प्रेम उनकी सबसे बड़ी शक्ति है, परंतु यही प्रेम कभी-कभी सुरक्षा के कड़े घेरों में ढील का कारण बन जाता है, जो राष्ट्र के लिए चिंता का विषय है।
इतिहास की त्रासदियों से सीख लेने की आवश्यकता बताते हुए अंतरराष्ट्रीय लेखक श्री भारती ने अपने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्रियों की दु:खद हत्याओं का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि अतीत के वे घाव देश आज भी नहीं भूल पाया है। उन्होंने लिखा है कि जब दो दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ सुदृढ़ सुरक्षा के बावजूद उनकी जघन्य हत्या की जा सकती है, तो वर्तमान चुनौतीपूर्ण वैश्विक स्थितियों में सुरक्षा के साथ तनिक भी समझौता करना समूचे भारत के साथ घोर अन्याय होगा।"
करोड़ों भारतीयों की आवाज
को पत्र के माध्यम से प्रकट करते हुए शिक्षाशास्त्री श्री भारती ने यह भी स्पष्ट किया कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत विनती नहीं है, अपितु यह उन करोड़ों देशभक्त भारतीयों के दिल की आवाज है जो अपने प्यारे देश के प्रधानमंत्री को अपने अभिभावक और राष्ट्र के रक्षक के रूप में देखते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत स्वतंत्रता और जन-संपर्क की इच्छा से ऊपर उठकर अपनी सुरक्षा व्यवस्था को राष्ट्रहित में सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
अंत में, उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु और अटूट सुरक्षा की मंगलकामना करते हुए यह विश्वास भी जताया है कि जन-भावनाओं को देखते हुए प्रधानमंत्री जी अपनी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे।
फोटो: अंतरराष्ट्रीय शिक्षा शास्त्री अनिल कुमार भारती