हिसार: हिसार में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस संदर्भ में सिद्धांत जैन ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन शुक्रवार को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं लंबित मामलों की समीक्षा बारे साइबर थाना के जांच अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। बैठक के दौरान साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग तथा बैंकिंग फ्रॉड से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, बैंक खातों को तुरंत फ्रीज करवाने, संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं आईपी एड्रेस की निगरानी बढ़ाने तथा मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा नागरिक ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दें। बैठक में साइबर थाना के अधिकारी एवं अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे।