नामांकन प्रक्रिया के बीच विवाद, युवक दस्तावेज लेकर भागा

पंजाब: फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में नगर काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तकरार हो गई। यहां के शहीद भगत सिंह सरकारी कॉलेज में कुछ अज्ञात नौजवान, नामांकन भरने पहुंची कांग्रेस की एक महिला उम्मीदवार की फाइल छीनकर फरार हो गए, जिसके बाद कांग्रेस वर्करों का गुस्सा भड़क गया। सूचना मिलने के बाद जिले के एसपी जोगेश्वर सिंह गोराया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस उम्मीदवार महिंदर कौर आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं थी। इस दौरान एक अज्ञात युवक उनका नामांकन पत्र छीनकर फरार हो गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के हल्का इंचार्ज अजयपाल सिंह संधू की अगुवाई में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।

बिना वजह विवाद किया: वहीं आम आदमी पार्टी समर्थक भी मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बिना किसी कारण विवाद खड़ा कर रहे हैं, जबकि वे लाइन तोड़कर जबरदस्ती नामांकन पत्र दाखिल करने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस उम्मीदवार महिंदर कौर के पति रणजीत सिंह वढेरा ने बताया कि जब वे नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे तो पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उनके नामांकन पत्र की फाइल छीन फरार हो गए।