शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद चुनावी शोर पूरी तरह थम जाएगा

शिमला: हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के लिए प्रचार का आज आखिरी दिन है। इसको लेकर प्रमुख राजनीतिक दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।

अंतिम दिन दोनों दलों के नेताओं ने जनसभाएं, रोड शो और डोर-टू-डोर कैंपेन के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश की। स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को लेकर मतदाताओं के बीच जोरदार प्रचार किया गया।

चार नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला के चुनाव इस बार दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं। यही वजह है कि कांग्रेस और भाजपा ने अपने बड़े नेताओं को प्रचार में उतारा है। इन चुनावों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक ताकत की परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज सोलन शहर के गंज बाजार में जनसभा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और राज्य सरकार के मंत्री भी अलग-अलग इलाकों में उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं को भी चुनाव प्रचार में लगाया है।

वहीं भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। अनुराग ठाकुर आज कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभा करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और इसका असर चुनाव में दिखाई देगा।

मतदान से एक दिन पहले 16 मई को उम्मीदवार केवल घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर सकेंगे। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद रैली, जुलूस, लाउडस्पीकर और सार्वजनिक चुनाव प्रचार पर रोक लग जाएगी। उम्मीदवार केवल व्यक्तिगत संपर्क अभियान चला सकेंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद शुक्रवार दोपहर तीन बजे से ही ड्राई-डे भी लागू हो जाएगा। मतदान खत्म होने तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। आबकारी विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान शराब बेचने या परोसने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।