शानदार परिणाम पर छात्रों का बढ़ाया हौसला

फगवाड़ा (शिव कौड़ा): जी.आर.डी. कॉलेज फगवाड़ा के प्रबंधकों द्वारा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली गई बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज की डायरेक्टर एजुकेशन डा. नीलम सेठी और प्रिंसिपल गुरजीत कौर की अगुवाई में आयोजित समारोह में जी.आर.डी. ट्रस्ट के सीनियर वाइस चेयरमैन तारा चंद चुंबर ने विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई।

उन्होंने ट्रस्ट चेयरमैन यू.सी. सरोआ और समूचे ट्रस्ट सदस्यों की ओर से विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कॉलेज स्टाफ की ओर से विद्यार्थियों को फूलों के हार पहनाकर और मुंह मीठा करवाकर उत्साहवर्धन किया गया। प्रिंसिपल गुरजीत कौर ने बताया कि बारहवीं का परिणाम सदैव की तरह इस बार भी शानदार रहा। सिमरन कौर, मुस्कान और गगनदीप ने प्रथम श्रेणी में सर्वाधिक अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की है। डा. नीलम सेठी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्या का खजाना जीवन भर हमेशा साथ रहता है।

इसलिए ग्रेजुएशन की कक्षाओं में और अधिक मेहनत व लगन के साथ पढ़ाई करते हुए जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल करने का प्रयास करें। इस अवसर पर समूह कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे।