वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों ने प्रशासन से की बातचीत

लुधियाना: पंजाब स्टेट जिला (डीसी कार्यालय) कर्मचारी यूनियन, लुधियाना के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन से मुलाकात कर 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती हुए क्लर्कों की बेसिक सैलरी बढ़ाने की मांग उठाई। यूनियन ने आग्रह किया कि नए क्लर्कों को भी पुराने कर्मचारियों की तरह समान वेतनमान दिया जाए।

जानकारी के अनुसार, फरवरी और मार्च 2023 में डीसी कार्यालय में करीब 70 क्लर्कों की नियुक्ति हुई थी। पंजाब सरकार के वित्त विभाग के 17 जुलाई 2020 के पत्र के अनुसार, इन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 19,900 रुपये तय की गई थी, जबकि इससे पहले भर्ती कर्मचारियों को 33,300 रुपये मिल रहे हैं।

यूनियन ने बताया कि इस मुद्दे पर अदालत भी फैसला दे चुकी है, जिसमें कहा गया है कि किसी प्रशासनिक आदेश के जरिए कर्मचारियों के निर्धारित वेतनमान को कम नहीं किया जा सकता। अदालत के फैसले के बाद कई विभागों में नए क्लर्कों की बेसिक सैलरी बढ़ाकर 31,100 रुपये कर दी गई है।

यूनियन ने डीसी हिमांशु जैन से मांग की कि लुधियाना में भी 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती क्लर्कों की बेसिक सैलरी 19,900 रुपये से बढ़ाकर 31,100 रुपये की जाए, ताकि सभी कर्मचारियों को समान लाभ मिल सके।