7.858 किलो नशा बरामद, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई हेरोइन

पंजाब: पंजाब सरकार के 'नशों के विरुद्ध युद्ध' अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह को तोड़ते हुए 7 किलो 858 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला और एक नाबालिग सहित कुल चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गिरोह सीधे सीमा पार पाकिस्तान के तस्करों के संपर्क में था। आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की बड़ी खेप भारतीय सीमा में मंगवाते थे और फिर उसे पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करते थे। एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने बताया कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और पुलिस इसकी सप्लाई चेन को तोड़ने की कोशिश में थी।

फिरोज शाह गांव के पास पहली गिरफ्तारी: पुलिस की यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब थाना घल्ल खुर्द की टीम इलाके में गश्त पर थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो तस्कर, आकाशदीप और रोबिन, हेरोइन की खेप लेकर सप्लाई देने के लिए आ रहे हैं। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और गांव फिरोज शाह के पास दोनों को संदिग्ध हालत में धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से डेढ़ किलो हेरोइन बरामद हुई।

घर के भीतर छिपा रखी थी 'मौत की खेप'
जब पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी रोबिन से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने एक बड़ा राज उगला। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रोबिन के घर पर छापेमारी की, जहाँ से पुलिस को 4 किलो हेरोइन की एक और बड़ी खेप मिली। इसके बाद पुलिस ने नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचने के लिए जांच और तेज़ कर दी।