चंडीगढ़: तरनतारन सीमा के पास खालरा थाना क्षेत्र में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान दो ड्रोन, 509 ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी देश पाकिस्तान लगातार भारत में ड्रग्स और हथियार भेजने का प्रयास कर रहा है, लेकिन पुलिस और BSF ऐसे प्रयासों को विफल कर रहे हैं। खालरा थाने में इन बरामदगियों के संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, और आगे की जांच जारी है।
कहां से क्या हुआ बरामद: खालरा थाने के सब इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और BSF ने गांव डल में बलवीर सिंह के खेत से एक पीले रंग का पैकेट और एक ड्रोन बरामद किया। तलाशी में पैकेट से 509 ग्राम हेरोइन और 23 जिंदा कारतूस मिले। हेरोइन की पैकिंग का वजन 70 ग्राम था। इसी तरह, एएसआई सलविंदर सिंह और उनकी टीम ने BSF के साथ मिलकर कलसियां खुर्द निवासी जगमोहन सिंह के खेतों से एक गिरा हुआ ड्रोन और एक पैकेट बरामद किया। पैकेट की तलाशी लेने पर उसमें से एक पिस्तौल मिली। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एक अन्य अभियान में, एएसआई बलविंदर सिंह ने पुलिस टीम और BSF की 142 बटालियन के जवानों के साथ गांव डल में एक सूचना के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान एक पीले रंग का पैकेट मिला, जिसमें से 30 बोर की चीन निर्मित पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।