नई परियोजनाओं से चिकित्सा सुविधाएं बेहतर होंगी

गुरुग्राम: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुग्राम जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए करीब 2 करोड़ 86 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान पटौदी की विधायक बिमला चौधरी भी मौजूद रहीं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में बढ़ती आबादी और शहरीकरण को देखते हुए सरकार स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं ताकि लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

आरती सिंह राव ने बताया कि बाघनकी में नया पीएचसी और घामड़ोज में नया सब हेल्थ सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा जिले में 8 नए सब सेंटर और रणसीका, रीठोज व सिधारवाली में नए पीएचसी स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने उप मंडल नागरिक अस्पताल हेलीमंडी में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन भी किया।