कलायत (रवि जैस्ट) : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में बड़सीकरी खुर्द स्थित शिव सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। स्कूल के पांच विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में अपना नाम दर्ज कराकर ग्रामीण आँचल अपनी शैक्षणिक योग्यता को साबित किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय के परीक्षा परिणामों का विवरण देते हुए प्रबंधन ने बताया कि संस्थान की तीन छात्राओं और दो छात्रों ने शानदार अंक अर्जित किए हैं। इनमें अलका, लक्ष्य और ज्योति ने 500 में से 495 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया है। इसी क्रम में पंकज ने 493 अंकों के साथ 7वां स्थान और गरिमा ने 491 अंक लेकर प्रदेश भर में 9वीं पोजीशन हासिल की है।
छात्रों की इस शानदार सफलता पर स्कूल संस्थापक रामनिवास ढुल ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण भाव से ही स्कूल आज इस मुकाम पर पहुंचा है। डिप्टी डायरेक्टर अमित ढुल, व अध्यापक राजकुमार , सतपाल , भूषण , रविंदर , खुशी राम , राजविंदर , हरप्रीत, योगेश,गोविन्द ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया ।
14 केएलटी 10 दसवीं परीक्षा परिणाम में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल प्रबंधन सदस्य.